दादरी विधायक के दोनों बच्चे सेना में कमीशंड पद पर हैं सेवारत, बच्चों ने कायम की मिसाल!

Haryana News 24 (चरखी दादरी): आमतौर पर देखा जाता है कि राजनीति से संबंध रखने वाले नेताओं की संतान राजनीति या बिजनेस में हाथ आजमाते हैं या फिर सिविल सर्विसेज के क्षेत्र में आगे बढ़ते हैं। ऐसे बहुत कम ही राजनेता होते हैं जो अपनी संतान को जोखिम भरा माने जाने वाले रक्षा के क्षेत्र में भेजते हैं। दादरी के भाजपा विधायक सुनील सांगवान के बेटा-बेटी ने अपने माता-पिता के पेशा में शामिल न होकर देश की सेवा को सर्वोपरि रखा। संपन्न परिवार से होने के बावजूद भी वर्दी पहनकर बार्डर पर देश की सेवा कर रहे हैं।
विधायक सुनील सांगवान ने बताया कि उन्हें गर्व है कि उनके दोनों बच्चे सरहद पर अपने जज्बे के साथ देश सेवा कर रहे हैं। गौरतलब है कि विधायक सुनील सांगवान के पिता स्व. सतपाल सांगवान प्रदेश में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान की ही इच्छा थी कि उनके पौत्र व पौत्री भारतीय सेना में तैनात होकर देश की रक्षा करें। उन्हीं से प्रेरित होकर दोनों बच्चों ने भारतीय सेना में भर्ती होने का निर्णय लिया था। दादरी के विधायक सुनील सांगवान का बेटा मनव सांगवान भारतीय थल सेना में कैप्टन के पद पर कारगिल के दुर्गम क्षेत्र में तैनात है। वहीं उनकी बेटी नव्या सांगवान भारतीय सेना की चिकित्सा कोर में अरुणाचल प्रदेश के बॉर्डर पर बतौर कैप्टन कार्यरत हैं।