मुस्लिम आरक्षण पर भड़के गब्बर, बोले- 400 साल राज किया, उन्हें छूट क्यों?

Haryana News 24: हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कर्नाटक विधानसभा में सरकारी ठेकों में चार फीसदी मुस्लिम आरक्षण लागू करने वाला बिल पास होने पर कांग्रेस पर जोरदार हमला किया है।
“मुस्लिमों ने 400 साल राज किया, उन्हें छूट क्यों” : हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज ने कर्नाटक में मुस्लिमों को आरक्षण देने पर कहा कि मुस्लिमों ने हमारे ऊपर 400 साल राज किया है। उन्हें किसी प्रकार की छूट देने की क्या जरूरत है। अनिल विज ने कहा कि कांग्रेस समाज को ठीक उसी तरह फाड़ने का काम कर रही है जैसे दूध में दही डाल कर फाड़ा जाता है। कांग्रेस ने 1947 में अपनी इसी सोच के कारण समाज में बंटवारा करवाया था।
कांग्रेस पर भी विज ने साधा निशाना:
वहीं, विधानसभा चुनावों को साढ़े 5 महीने से ज्यादा का समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक कांग्रेस ने अपना संगठन नहीं बनाया और न ही नेता प्रतिपक्ष चुना है, जिसपर तंज कसते हुए कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कि कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व कार्य करने के बिल्कुल असक्षम साबित हो रहा है, उनके दिमाग का कनस्तर खाली हो चुका है। इसलिए साढ़े 5 महीने के बाद भी नेता प्रतिपक्ष का फैसला नहीं कर पाए।
विज ने तंज कसा कि जनता ने इन्हें कुछ बनाना नहीं था, अगर किसी प्रकार से मेजॉरिटी आ भी जाती तो इन्होंने तो साढ़े 5 महीने तक मुख्यमंत्री का भी फैसला नहीं करना था। ऐसे में सरकार चल न पाती। अनिल विज ने कहा कि जनता इस बात को जानती थी, तभी इनको मेजॉरिटी नहीं दी। अगर किसी तरह से विधानसभा में इनको बहुमत मिल जाता तो अब तक ये मुख्यमंत्री तक का फैसला नहीं कर पाते। लोग जानते हैं कि पहले जब ये सत्ता में थे, तब भी अपना फर्ज नहीं निभा पाए और आज जब विपक्ष में है, तब भी अपना फर्ज नहीं निभा पा रहे।
केजरीवाल पर किया पलटवार:
इन दिनों पंजाब में आम आदमी पार्टी भी अपना कद मजबूत करने में लगी हुई है जिस पर पलटवार करते हुए कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कि पंजाब में अब चाहे आम आदमी पार्टी की सरकार कुछ भी कर ले, अब केजरीवाल पंजाब में जाकर बैठ गए हैं, उनका तो पहरी ऐसा है “जहां-जहां पांव पड़े संतन के वहां वहां बंटाधार है” पहले दिल्ली का बंटाधार कर दिया और अब पंजाब में भी यही हाल करेंगे।