दूल्हे को दहेज में बुलेट मांगना पड़ा महंगा, फेरों के बाद बिना दुल्हन के लौटी बारात!

Haryana News 24: कुबेरपुर क्षेत्र में एक ऐसा मामला देखने को मिला जहां दूल्हे ने दहेज की मांग की तो दुल्हन ने फेरे होने के बाद बारात लौटा दी। एक बुलेट को लेकर बहस बढ़ी और लड़की ने मांग का सिंदूर पोछकर शादी तोड़ दी। बारात बिना दुल्हन के लौटी।
- दिल्ली से कुबेरपुर क्षेत्र में आई थी बरात
- सामान लौटाने पर बनी सहमति
- छलेसर पुलिस चौकी में आठ घंटे तक चली दोनों पक्षों में समझौता वार्ता
दहेज प्रथा भारतीय समाज में लंबे समय से एक गंभीर समस्या रही है। लड़कियों के परिवार पर शादी के दौरान अनावश्यक आर्थिक बोझ डाला जाता है। हालांकि, समय के साथ जागरूकता बढ़ी है, और कई परिवार इस कुप्रथा के खिलाफ खड़े हो रहे हैं। हाल ही में उत्तर प्रदेश के आगरा में हुई एक घटना ने दहेज के खिलाफ मजबूत संदेश दिया है। जब एक दुल्हन ने बुलेट की मांग पर न केवल शादी से इनकार किया, बल्कि अपना सिंदूर भी पोंछ दिया। यह मामला दहेज लोभियों के लिए एक चेतावनी है। और उन लड़कियों के लिए प्रेरणा है जो अपने आत्मसम्मान से समझौता नहीं करना चाहतीं।
दिल्ली से कुबेरपुर क्षेत्र में आई थी बरात:
एत्मादपुर के कुबेरपुर क्षेत्र में शनिवार को शादी समारोह में ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने सभी को चौंका दिया। वरमाला के बाद शादी की रस्में पूरी हो रही थीं। सुबह आठ बजे फेरे संपन्न हुए और दूल्हे ने दुल्हन की मांग में सिंदूर भरा। लेकिन इसके तुरंत बाद ही दूल्हे ने बुलेट मोटरसाइकिल की मांग रख दी। दूल्हे की यह डिमांड सुनकर दुल्हन के परिवार वालों ने अपनी असमर्थता जताई, लेकिन दूल्हा जिद पर अड़ गया।
शादी के बाद जब विदाई की रस्में हो रही थीं, तभी दूल्हे ने दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग रख दी। यह सुनकर दुल्हन के परिवार को गहरा झटका लगा और उन्होंने बुलेट देने से इनकार किया। इसी बीच माहौल तनावपूर्ण हो गया। दूल्हे का लालच देखकर दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया और कहा ‘दहेज नहीं दुल्हन मिलेगी’ इसके बाद उसने अपना सिंदूर पोंछ दिया।
पुलिस चौकी तक पहुंचा मामला:
दूल्हे को मनाने की बहुत कोशिश की गई। जब वह अपनी मांग से पीछे नहीं हटा तो मामला पुलिस चौकी पहुंचा। दुल्हन के इनकार से वर पक्ष के लोग सकते में आ गए और उसे मनाने की कोशिश करने लगे, लेकिन दुल्हन अपने फैसले पर अडिग रही। बेटी का रिश्ता टूटता देख पिता की तबीयत भी बिगड़ गई, जिसके बाद उनका उपचार कराया गया। इसके बाद दोनों पक्ष छलेसर पुलिस चौकी पहुंचे, जहां दोपहर 12 बजे से रात 8 बजे तक पंचायत चली। अंततः दोनों पक्षों के बीच सामान वापस करने पर समझौता हुआ और बारात बिना दुल्हन के लौट गई।