किसानों के लिए खुशखबरी: हरियाणा में 15 मार्च से शुरू होगी सरसों की सरकारी खरीद!

हरियाणा के CM नायब सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस बार सरसों की फसल के मंडी में जल्द आगमन को देखते हुए 28 मार्च की बजाए 15 मार्च से ही सरकारी खरीद शुरू कर दी जाए।
हरियाणा में सरसों उत्पादक किसानों के लिए अच्छी खबर है। CM सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस बार सरसों की फसल के मंडी में जल्दी आगमन को देखते हुए 28 मार्च की बजाय 15 मार्च से ही न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर सरकारी खरीद शुरू कर दी जाए। उन्होंने रबी विपणन सीजन 2025- 26 के दौरान सरसों की खरीद करने बारे आयोजित हुई समीक्षा बैठक के दौरान यह निर्देश दिए।
108 मंडियों में खरीद होगी:
CM नायब सैनी ने मीटिंग के दौरान कृषि विभाग से संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सरसों की खरीद के लिए 108 मंडियां निर्धारित की गई हैं। उन्होंने खरीद एजेंसियों, मंडी बोर्ड और संबंधित विभागों को सरसों की खरीद सुचारू रूप से करने के निर्देश दिए।
समर्थन मूल्य 5950 रुपए प्रति क्विंटल:
मुख्यमंत्री नायब सैनी को अधिकारियों ने जानकारी दी कि राज्य में आम तौर पर 17 से 20 लाख एकड़ क्षेत्र में सरसों उगाई जाती है, लेकिन इस बार रबी फसल सीजन 2024- 25 के दौरान 21.08 लाख एकड़ क्षेत्र में सरसों उगाई गई है। ऐसे में अनुमानित उत्पादन 15.59 लाख मीट्रिक टन होने की संभावना है। इस साल केंद्र सरकार द्वारा सरसों का न्यूनतम समर्थन मूल्य 5950 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।
पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन अनिवार्य:
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बताया कि सरसों पर MSP का लाभ लेने के लिए किसानों को मेरी फसल- मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकृत और सत्यापित करवानी आवश्यक होती है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश में सरसों की खरीद हैफेड एवं हरियाणा राज्य भण्डारण निगम द्वारा की जाएगी।