हरियाणा में अपने दम पर विधानसभा चुनाव लड़ेगी AAP, टूटा I.N.D.I.A गठबंधन!
हरियाणा में अपने दम पर विधानसभा चुनाव लड़ेगी AAP, टूटा I.N.D.I.A गठबंधन!
भगवंत मान ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि आज हम एक बड़ा ऐलान कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी एक दशक के भीतर राष्ट्रीय पार्टी बन गई है। हम दो राज्यों (दिल्ली और पंजाब) में सरकार चला रहे हैं। हमने हरियाणा विधानसभा चुनाव लड़ने का फैसला किया है। लेकिन इसके लिए हम किसी भी राजनीतिक दल से कोई गठबंधन नहीं करेंगे। पड़ोसी राज्य हरियाणा में अगले कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। ऐसे में राजनीतिक दलों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बीच पंजाब के भगवंत मान ने कहा है कि उनकी आम आदमी पार्टी ने हरियाणा में चुनाव लड़ने का फैसला किया है। लेकिन इसके लिए वह किसी भी पार्टी से गठबंधन नहीं करेगी। पार्टी अपने दम पर चुनाव लड़ने जा रही है।
बीजेपी पर निशाना साधते हुए पंजाब के सीएम ने कहा “पीएम मोदी कहते हैं कि 10 साल भाजपा की डबल इंजन की सरकार है। 10 साल में इस सरकार ने हरियाणा को क्या दिया? हरियाणा फिरौती का गढ़ बन गया है। सड़कों पर लाठियां चल रही हैं। किसानों को रौंदा गया। हरियाणा में बहुत से घर शहीदों के मिल जाएंगे और आप अग्निपथ योजना लेकर आ रहे हो? 4 साल की ठेके की नौकरी दे रहे हो? अग्निपथ योजना वापस होनी चाहिए। किसानों और बेरोजगारी का मुद्दा हरियाणा में बहुत बड़ा है।”
पंजाब के सीएम ने कहा कि हमने दिल्ली और पंजाब में काम करके दिखाया। बिना भ्रष्टाचार के नौकरियां दी। कहीं कोई पेपर लीक नहीं हुआ, शिक्षा व्यवस्था बेहतर की, अब हम हरियाणा में हरियाणा का हाल बदलेंगे। उन्होंने अब लाएंगे केजरीवाल का नारा दिया।
हरियाणा में टूटा इंडिया गठबंधन: बता दें कि हरियाणा में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव इंडिया गठबंधन के तहत लड़ा था। हरियाणा की सभी दस लोकसभा सीटों में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच 9-1 का बंटवारा हुआ था। आम आदमी के हिस्से कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट आई थी। जिस पर आप पार्टी के उम्मीदवार सुशील गुप्ता को हार का सामना करना पड़ा। अब हरियाणा विधानसभा चुनाव में दोनों ही पार्टियां सभी 90 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी।