हरियाणा बोर्ड परीक्षा में इंग्लिश के बाद मैथ का पेपर आउट!

हरियाणा में आज फिर से पेपर आउट हो गया। हरियाणा में बीते कल 12 वीं का पेपर लीक हुआ था। वहीं अब खबर सामने आ रही है कि आज 10वीं के बोर्ड एग्जाम के पहले ही दिन गणित का पेपर आउट हो गया है।
हरियाणा के नूंह जिले में एक बार फिर से पेपरलीक हुआ है। इस बार हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के 10वीं का मैथ का पेपर लीक हुआ है। इससे पहले गुरुवार को नूंह में ही 12वीं का अंग्रेजी का पेपरलीक हुआ था, जिसके बाद परीक्षा रद्द कर दी गई थी। मैथ का पेपर जिले के पुनहाना खंड के एलडीएम पब्लिक स्कूल में लीक हुआ है। फिलहाल पूरे स्कूल को सील कर दिया गया है और जांच की जा रही है।
बता दें कि हरियाणा में आज 10 वीं की परीक्षा का पहला दिन था। जहां पेपर साढ़े 12 बजे शुरू हुआ। लेकिन पेपर के शुरु होने के 15 मिनट बाद ही पुन्हाना के एलडीएम पब्लिक स्कूल में बनाए गए परीक्षा केंद्र से पेपर आउट हो गया। इस दौरान कुछ युवक इसी परीक्षा केंद्र की दीवारों पर चढ़े हुए भी नजर आए। वहीं पुलिस ने कल के पेपर में बड़ा एक्शन लिया है। तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। 12वीं के परीक्षा में अंग्रेजी का पेपर लीक हो गया था। ये पेपर नूंह से ही लीक हुआ था।