कांग्रेस का ‘हाथ’ छोड़ BJP में शामिल हुए नेताओं पर लगा 6 साल का बैन!

हरियाणा निकाय चुनाव के बीच कांग्रेस की बड़ी कार्रवाई, 7 बागियों को किया पार्टी से बाहर:
Haryana News 24: आगामी शहरी निकाय चुनाव के मध्य नजर पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए सात नेताओं को 6 साल के लिए संगठन से निष्कासित कर दिया है। कांग्रेस के अध्यक्ष चौधरी उदय भान ने इन नेताओं पर कांग्रेस विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप लगाए हैं। यह नेता मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में अलग- अलग समय पर भाजपा में शामिल हो चुके हैं ।
उनके ऐसा करने से पूरे राज्य में कांग्रेस के प्रति गलत संदेश गया है। राजनितिक गलियारों में यह चर्चा है कि कुछ और नेता भी कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हो सकते हैं।
10 सालों से नहीं बन पाया कांग्रेस में संगठन
हरियाणा विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस पार्टी को गुटबाजी का सामना करना पड़ा था। वहीं, बीते 10 सालों से पार्टी में संगठन नहीं बन पाया है। हाई कमान ने कांग्रेस प्रभारी दीपक बाबरिया को बदलकर बीके हरिप्रसाद को कमान सौंपी है।
प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान ने वीरवार को एक पत्र जारी करते हुए कहा कि प्रदेश प्रभारी की अनुमति के बाद सात कांग्रेस नेताओं को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया गया है। कांग्रेस ने जिन सात नेताओं को पार्टी से निकाला है उनमें करनाल विधानसभा सीट से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के विरुद्ध विधानसभा चुनाव लड़ने वाले सरदार तिरलोचन सिंह भी शामिल हैं। तिरलोचन सिंह जिला कांग्रेस कमेटी करनाल के प्रधान रह चुके हैं।
वे करनाल नगर निगम से कांग्रेस का टिकट मांग रहे थे। जिला कांग्रेस कमेटी करनाल के ही पूर्व प्रधान अशोक खुराना, कॉर्डिनेशन कमेटी (नॉर्थ जोन) के सदस्य यमुनानगर के प्रदीप चौधरी, यमुनानगर शहरी की पूर्व जिला प्रधान मधु चौधरी और हिसार विधानसभा का चुनाव लड़ चुके रामनिवास राडा को पार्टी से छह साल के लिए निकाला गया है।
इन नेताओं को किया पार्टी से बाहर
जिला कांग्रेस कमेटी करनाल के ही पूर्व प्रधान अशोक खुराना, कॉर्डिनेशन कमेटी (नॉर्थ जोन) के सदस्य यमुनानगर के प्रदीप चौधरी, यमुनानगर शहरी की पूर्व जिला प्रधान मधु चौधरी, हिसार विधानसभा का चुनाव लड़ चुके रामनिवास राडा, कांग्रेस SC विभाग के प्रदेश महासचिव गुरुग्राम निवासी हरविंद्र लवली तथा PCC डेलीगेट गुरुग्राम निवासी राम किशन सेन को भी पार्टी ने 6 साल के लिए निष्कासित किया है। इन सबके अलावा हरियाणा में प्रियंका गांधी के परिवार के नजदीकी तिगांव के पूर्व विधायक ललित नागर पर भी भाजपा डोरे डाल रही है। CM के पूर्व राजनीतिक सचिव अजय गौड़ उनकी केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से मुलाकात करा चुके हैं। बल्लभगढ़ के पूर्व विधायक शारदा राठौर से भी भाजपा नेताओं ने संपर्क साधा है।