हरियाणा में कांग्रेस की हार पर बीरेंद्र सिंह का खुलासा, संगठन की कमी पर कही चौंकाने वाली बात:

हरियाणा में कांग्रेस की हार पर बीरेंद्र सिंह का खुलासा, संगठन की कमी पर कही चौंकाने वाली बात:
हरियाणा न्यूज 24- पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस में बहुत सुधार करने की आवश्यकता है। पिछले 12 साल से प्रदेश में पार्टी का संगठन नहीं है। अगर विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का संगठन होता तो भाजपा 20 सीट भी नहीं ले पाती। कांग्रेस के संगठन को मजबूत करने के लिए चलाएंगे अभियान।
बुधवार को जींद में संत रविदास जयंती समारोह में भाग लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते समय बीरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस के संगठन को मजबूत करने के लिए प्रदेश में विशेष अभियान चलाएंगे। इसमें लोकतंत्र को मजबूत करने, संविधान को बचाने व EVM को हटाकर वोट का अधिकार सुरक्षित करने का मंथन होगा। पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने हरियाणा विधानसभा 2024 के चुनाव में कांग्रेस की हार के पीछे संगठन का ना होना बताया। उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश में कांग्रेस का संगठन होता तो भारतीय जनता पार्टी 20 सीट भी नहीं ले पाती।
इसके अलावा बीरेंद्र सिंह ने ईवीएम पर सवाल उठाते हुए कहा कि कुछ लोग तर्क देते हैं कि ईवीएम के साथ छेड़छाड़ नहीं हो सकती, लेकिन हम कहते हैं कि जो ईवीएम को बना सकता है, उसको वह खराब भी कर सकता है। आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के मामले में पूरा विश्व बंटा हुआ है। अमेरिका एआई को कुछ परिभाषित कर रहा है तो यूरोप कुछ। अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एआई को लेकर नई परिभाषा दे दी। अगर एसआई पर अलग-अलग मत हैं, तो इवीएम से छेड़छाड़ क्यों नहीं हो सकती।
दिल्ली चुनाव पर क्या बोले?
नगर निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष उदयभान के नेतृत्व में कांग्रेस का शिष्टमंडल चुनाव आयोग से मिला था, लेकिन वहां पर जवाब मिला कि आप देर से आए हैं। इसलिए बैलेट पेपर पर चुनाव को लेकर लंबी लड़ाई लड़नी होगी। दिल्ली चुनाव पर उन्होंने कहा कि राजनीति में उतार चढ़ाव आते जाते रहते हैं। पहले 15 साल तक कांग्रेस की सरकार रही, लेकिन अरविंद केजरीवाल ने मुफ्त पानी, मुफ्त बिजली देकर उनके वोट को बरगला दिया। अब कांग्रेस उसको वापस लाने का काम करेगी।