माकन पर 24 घंटे में कार्रवाई नहीं तो, कांग्रेस को I.N.D.I.A गठबंधन से बाहर करने की मांग करेगी AAP
दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच बयानों को लेकर टकराव शुरू हो गया है। दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और सांसद संजय सिंह ने गुरुवार को कहा कि, ‘कांग्रेस नेता अजय माकन हमारे नेता अरविंद केजरीवाल को एंटी-नेशनल कहते हैं। क्या उन्होंने BJP के किसी नेता के खिलाफ ऐसा आरोप लगाया।’
दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा, ‘हम कांग्रेस पार्टी से मांग करते हैं कि वे माकन के खिलाफ 24 घंटे के अंदर कार्रवाई करें। वरना हम I.N.D.I.A ब्लॉक से कांग्रेस पार्टी को अलग करने के लिए अन्य विपक्षी दलों से बात करेंगे।’
संजय सिंह ने अजय माकन के बयानों को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने कहा, ‘अजय माकन भाजपा की स्क्रिप्ट पढ़ते हैं, भाजपा के कहने पर बयान देते हैं। कल उन्होंने सारी हदें पार करके देश के लोकप्रिय नेता, दिल्ली के सबसे लोकप्रिय नेता, जो हमारी पार्टी के अगुआ हैं, उन्हें एंटीनेशनल कहा। केजरीवाल अगर एंटीनेशनल है तो वह दिल्ली के लोगों के लिए शिक्षा, पानी, रोजगार का इंतजाम कैसे कर रहे हैं। आज तक अजय माकन ने भाजपा के किसी नेता को एंटी नेशनल नहीं कहा। यह किस प्रकार का बयान है।’ उन्होंने 24 घंटे का अल्टिमेटम देते हुए कहा, ‘माकन के खिलाफ कार्रवाई करें वरना हम दूसरे घटक दलों से मांग करेंगे कि कांग्रेस को इंडिया गठबंधन से बाहर करे।’
संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली के अंदर कांग्रेस पार्टी भाजपा के पक्ष में खड़ी हो गई है। कांग्रेस हर वो काम कर रही है, जिससे भाजपा को चुनाव में फायदा हो। दिल्ली के अंदर कांग्रेस के नेता हैं अजय माकन। वो भाजपा की स्क्रिप्ट पढ़ते हैं। वो भाजपा के कहने पर आम आदमी पार्टी के नेताओं को टारगेट करते हैं।’
माकन ने केजरीवाल को कहा फर्जीवाल:
कांग्रेस नेता अजय माकन ने 25 दिसंबर को दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को देश का फ्रॉड किंग यानी सबसे बड़ा धोखेबाज बताया। माकन ने कहा कि अगर केजरीवाल को एक शब्द में परिभाषित करना हो, तो वो शब्द ‘फर्जीवाल’ होगा।
माकन ने यह भी कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए AAP के साथ गठबंधन में आना कांग्रेस की भूल थी, जिसे अब सुधारा जाना चाहिए। हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि यह उनकी निजी राय है। माकन कांग्रेस की तरफ से AAP और भाजपा के खिलाफ 12 पॉइंट का व्हाइट पेपर रिलीज करने के दौरान ये बातें कही।
कांग्रेस ने केजरीवाल के खिलाफ की शिकायत:
युवा कांग्रेस ने 25 दिसंबर को आम आदमी पार्टी के दिल्ली में मुफ्त इलाज, महिलाओं को ₹2100 देने के ऐलान के खिलाफ पुलिस में केस किया। प्रदेश अध्यक्ष अक्षय लाकरा ने कहा कि हमने पार्लियामेंट पुलिस स्टेशन में केजरीवाल के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी करने को लेकर शिकायत की है। जब सरकार के विभाग इन दो स्कीम से इनकार कर रहे हैं, तब AAP ऐसे कैसे दावा कर सकती है।