हरियाणा कैबिनेट का विस्तार, 8 मंत्रियों ने ली शपथ। अनिल विज का पत्ता कटा,
हरियाणा कैबिनेट का विस्तार, 8 मंत्रियों ने ली शपथ। अनिल विज का पत्ता कटा,
Haryana News 24: हरियाणा की नायब सिंह सैनी सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार हो गया है। आठ विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली है। सभी की नजरें पूर्व गृहमंत्री अनिल विज पर टिकी थी, जो इस समारोह से दूर नजर आए। शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हो गया है। आज आठ विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। इनमें एक को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है, बाकी सात को स्वतंत्र प्रभार सौंपा गया है।
ये है सैनी की नई टीम
सोहना से विधायक संजय सिंह, विधायक विशंभर वाल्मीकि, सुभाष सुधा, अभय यादव, असीम गोयल, महिपाल ढांडा, बड़खल से विधायक सीमा त्रिखा, डॉक्टर कमल गुप्ता ने मंत्री के रूप में शपथ ली है। शपथ समारोह के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा, ”मंत्रिमंडल में सभी 8 नए साथियों का स्वागत अभिनंदन। आप सबके प्रशासनिक कौशल और योग्यता से हरियाणा सुशासन के मार्ग पर चलेगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों का विकसित भारत विकसित हरियाणा का संकल्प पूरा होगा। ऐसा मेरा दृढ़ विश्वास है.”
सीमा फरीदाबाद के बड़खल से विधायक हैं। वहीं ढांडा पानीपत ग्रामीण से विधायक हैं। सुभाष सुधा थानेसर से, विशम्बर सिंह बवानी खेड़ा से, अभे सिंह नांगल चौधरी से, असीम गोयल अंबाला सिटी और संजय सिंह सोहना से विधायक हैं। कमल गुप्ता हिसार से विधायक हैं और खट्टर सरकार में भी मंत्री रह चुके हैं।
ये पहले ले चुके हैं कैबिनेट मंत्री की शपथ
1: कंवरपाल गुर्जर
2: मूलचंद शर्मा
3: रणजीत सिंह
4: जेपी दलाल
5: डॉ. बनवारी लाल
अनिल विज को कैबिनेट में जगह नहीं
कैबिनेट विस्तार में अनिल विज को जगह नहीं मिली है। विज मनोहर लाल खट्टर सरकार में गृहमंत्री रह चुके हैं। खट्टर के इस्तीफे के बाद नायब सिंह सैनी को सीएम बनाए जाने के फैसले से अनिल विज नाराज हैं। विज 12 मार्च को सीएम के शपथ में भी शामिल नहीं हुए थे। हालांकि पूर्व मंत्री विज नाराजगी से इनकार करते रहे हैं।
आज (मंगलवार, 19 मार्च) ही जब उनसे शपथ को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। हरियाणा कैबिनेट में मुख्यमंत्री समेत अधिकतम 14 मंत्री हो सकते हैं। हरियाणा में 12 मार्च को बीजेपी और जेजेपी का गठबंधन टूटने के बाद मनोहर लाल खट्टर ने सीएम पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद नायब सिंह सैनी ने सीएम पद की शपथ ली. उनके साथ कंवर पाल गुर्जर, मूलचंद शर्मा, जेपी दलाल, बनवारीलाल और रणजीत सिंह चौटाला ने मंत्री पद की शपथ ली।