हरियाणा कांग्रेस के दो नेता बिहार चुनाव में स्टार प्रचारक, राहुल गांधी की टीम के सदस्य रणदीप सुरजेवाला और प्रदीप नरवाल को मिली जगह।
कांग्रेस ने बिहार चुनाव को लेकर अपने स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है। बिहार चुनाव के दूसरे चरण के स्टार प्रचारकों में हरियाणा से कांग्रेस ने 2 नेताओं को शामिल किया है। इसमें शामिल रणदीप सिंह सुरजेवाला व प्रदीप नरवाल, दोनों ही राहुल गांधी की टीम के सदस्य हैं।
हरियाणा कांग्रेस के बड़े चेहरों में शामिल मुख्यमंत्री तथा नेता प्रतिपक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा उनके पुत्र दीपेंद्र हुड्डा कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदयभान, कांग्रेसी सांसद तथा राष्ट्रीय नेता कुमारी शैलजा, पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह जैसे सरीखे नेताओं के नाम भी बिहार चुनाव प्रचार से दूर रखा गया है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव हैं सुरजेवाला
रणदीप सिंह सुरजेवाला हरियाणा में पूर्व मंत्री रहे हैं। राष्ट्रीय कांग्रेस में महासचिव जैसे महत्वपूर्ण पद पर आसीन हैं।कांग्रेस की राजनीति में सोनिया,राहुल व प्रियंका तीनों के अत्यन्त विश्वस्त साथियों में शामिल है। इसीलिए इन दोनों के नाम स्टार प्रचारकों में शामिल हैं।दूसरी तरफ भाजपा हरियाणा के द्वारा बिहार चुनावों में पिछले 15 दिनों से कई दिग्गजों व मंत्रियों की ड्यूटियां लगाई गई हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने खुद कमान संभाली हुई है। केबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी,कृष्ण लाल पंवार,विपुल गोयल ,पूर्व मंत्री असीम गोयल लगातार वहीं चुनाव प्रचार में कमान संभाले हुए हैं।
कांग्रेस का दलित चेहरा हैं नरवाल
राहुल गांधी अपनी वा प्रियंका गांधी की कोर कमेटी के सदस्य प्रदीप नरवाल को आल इंडिया कांग्रेस का सचिव पद पहले से मिला हुआ है। प्रदीप नरवाल पूर्व में जेएनयू के छात्र नेता भी रह चुके हैं। प्रदीप नरवाल हरियाणा के सोनीपत ज़िलें के कथूरा गांव के रहने वाले है। इनकी छवि हमेशा से अंबेडकरवादी दलित नेता की रही है। इससे पहले प्रदीप नरवाल हरियाणा कांग्रेस में अनुसूचित जाति विभाग के कार्यकारी अध्यक्ष भी रह चुके है।
प्रदीप नरवाल को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग में राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर व उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति विभाग के प्रभारी के तौर पर नियुक्त किया गया था। प्रदीप नरवाल एक साधारण दलित परिवार से हैं। गांधी परिवार की निकटता के कारण राष्ट्रीय सचिव, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी, सह प्रभारी-उत्तर प्रदेश व प्रियंका गांधी के सचिव के रूप में यूपी के सह-प्रभारी भी हैं।
