चरखी दादरी में CBI की छापेमारी: 22 लाख रूपए की रिश्वत लेता रिटायर्ड कर्नल गिरफ्तार!

Haryana News 24: चरखी दादरी में CBI की टीम ने रिटायर्ड कर्नल को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। इस मामले में टीम आरोपी से पूछताछ में जुटी हुई है। बुधवार देर रात CBI की टीम ने रेड कर एक रिटायर्ड कर्नल को करीब 22 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा है। रिटायर्ड कर्नल पर आरोप है कि उसने एक अस्पताल को ECHS (एक्स-सर्विसमैन कंट्रीब्यूटरी हेल्थ स्कीम) पैनल में रखने के लिए पैसे मांगे थे। पुलिस रिटायर्ड कर्नल को बाढड़ा थाने ले गई। वहां उनसे CBI टीम वहीं पर पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार रिटायर्ड कर्नल राजस्थान के राजगढ़ में संचालित अस्पताल को ECHS पैनल में बनाए रखने के लिए रिश्वत की मांग कर रहा था। उसने अस्पताल प्रबंधन से 22 लाख रुपए की मांग की थी। निजी अस्पताल के संचालक ने जब पैसे देने से मना कर दिया तो रिटायर्ड कर्नल ने उसके अस्पताल को ECHS पैनल से निकाल देने की धमकी दी। इसके बाद अस्पताल संचालक ने इसकी शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद चंडीगढ़ की CBI टीम ने रिटायर्ड कर्नल को काबू किया।
CBI टीम ने आरोपी को कैसे पकड़ा ?
मामले के बारे में पता लगने पर चंडीगढ़ की CBI टीम ने रिटायर्ड कर्नल को रंगे हाथों गिरफ्तार करने का प्लान बनाया। टीम ने सबसे पहले अस्पताल संचालक को पाउडर लगा कैश दिया। इसके बाद संचालक जब पैसे लेकर कर्नल के पास गया तो बुधवार देर रात CBI की करीब 20 टीम मौके पर पहुंच गई। छापेमारी चंडीगढ़ के इंस्पेक्टर नरेंद्र की अगुआई में की गई। टीम के साथ बाढड़ा पुलिस भी मौजूद थी। टीम ने कार्रवाई करते हुए कर्नल को रंगे हाथ पकड़ लिया।