अपराध रोकने के लिए हरियाणा पुलिस को खुली छूट
 
                
- मुख्यमंत्री नायब सैनी का अपराध रोकथाम पर बड़ा फैसला
- रोहिंग्या और अपराधियों पर सख्त हुई हरियाणा सरकार
Haryana News 24 | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा अपराध नियंत्रण तथा कानून एवं व्यवस्था को लेकर आयोजित की गई राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक में राज्य पुलिस को अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए खुली छूट दी गई है। सीएम ने पुलिस अधिकारियों को प्रदेश में अमन शांति बनाए रखने के साथ-साथ कुख्यात अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करने के लिए आदेश दिए हैं। साथ ही उन्होंने इस वर्ष में प्रदेश के 70 फीसदी गांवों को मादक पदार्थों से मुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित करने के लिए भी कहा है। सीएम ने अपराध, अपराधियों, अंर्तराज्यीय गिरोहों, नशा तस्करों के अलावा साइबर अपराधों पर जारी पुलिस की कार्रवाई को लेकर अधिकारियों से जानकारी लेते हुए कहा कि वर्ष 2024 में अपराध में उल्लेखनीय कमी आई है, जो सहराहनीय है। पुलिस भी तत्परता और कुशलता के साथ हर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए कोशिश कर रही है जो संतोष का विषय है।

उन्होंने बताया कि महिलाओं के विरूद्ध अपराध में गत वर्ष कमी आई है। इसके अलावा नशे के खिलाफ व साइबर अपराध के क्षेत्र में पुलिस विभाग द्वारा अच्छा काम हुआ है। वहीं साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए हरियाणा पुलिस को गृह मंत्रालय की तरफ से प्रथम पुरस्कार भी मिला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में और बेहतरीन कानून व्यवस्था हो और अपराध की कमर तोड़ी जा सके इसीलिए पुलिस विभाग को फ्री हैंड किया गया है। अपराधियों पर शिकंजा कंसने के लिए प्रशासन को जिन भी संसाधनों की जरूरत होगी, सरकार उन्हें तत्परता से मुहैया करवायेगी।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने चेतावनी देते हुए कहा कि अच्छा काम करने वाले अधिकारियों को पुरस्कृत किया जाएगा तो वहीं लापरवाही करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जायेगी। साथ ही किसी निर्दोष व्यक्ति पर कार्रवाई ना हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि नूंह जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए हरियाणा पुलिस की एक बटालियन स्थापित की जाएगी और हरियाणा 112 सेवा को कुशल बनाने व प्रतिक्रिया समय को कम करने के लिए भी कदम उठाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि बांग्लादेश से आने वाले रोहिंग्या और घुसपैठियों की पहचान करके उचित निर्णय लिए जाएंगे। विदेश से अपराध नेटवर्क संचालित करने वाले व्यक्तियों के बारे में कहा कि यह एक अंतरराष्ट्रीय मुद्दा है, इसलिए हरियाणा पुलिस लगातार राष्ट्रीय जांच एजेंसी के साथ संपर्क में बनी रहती है। लेकिन हम विदेश से अवैध गतिविधियां चलाने वाले अपराधियों के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर अवैध गतिविधियां चलाने वाले उनके सहयोगियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करेंगे।

 
                         
                                                          
                                                          
                                                          
                                                         