हरियाणा में पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला के निधन पर 3 दिन का राजकीय शोक
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) चीफ ओम प्रकाश चौटाला ने शुक्रवार को अंतिम सांस ली। उनके निधन से राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है। हरियाणा सरकार ने इस दुखद घटना के मद्देनजर 3 दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। हरियाणा सरकार की तरफ से जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, प्रदेश में 20 से 22 दिसंबर तक राजकीय शोक रहेगा। वहीं, 21 दिसंबर के लिए एक दिन की छुट्टी की घोषणा की गई है।
चौटाला का राजनीतिक सफर:
ओमप्रकाश चौटाला पांच बार हरियाणा के मुख्यमंत्री रहे थे। वह 2 दिसंबर 1989 को पहली बार CM बने थे और इस पद पर 22 मई 1990 तक रहे थे। जब तत्कालीन मुख्यमंत्री बनारसी दास गुप्ता को 60 दिन में ही पद से हटा दिया गया था। तब उन्होंने 12 जुलाई 1990 को दूसरी बार मुख्यमंत्री पद को शपथ ली थी। हालांकि, चौटाला को भी पांच दिन बाद ही पद से त्यागपत्र देना पड़ा था। 22 अप्रैल 1991 को तीसरी बार चौटाला ने CM पद संभाला, लेकिन दो हफ्ते बाद ही केंद्र सरकार ने प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लगा दिया था।
PM बोले- उनके निधन से दुख हुआ:
चौटाला के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा समेत कई नेताओं ने दुख जताया। PM मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। प्रदेश की राजनीति में वे वर्षों तक सक्रिय रहे और चौधरी देवीलाल जी के कार्यों को आगे बढ़ाने का निरंतर प्रयास किया। शोक की इस घड़ी में उनके परिजनों और समर्थकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।