कांग्रेस छोड़ बेटी श्रुति के साथ BJP में शामिल हुईं किरण चौधरी, कांग्रेस की उड़ाई धज्जियां

कांग्रेस छोड़ बेटी श्रुति के साथ BJP में शामिल हुईं किरण चौधरी, कांग्रेस की उड़ाई धज्जियां
हरियाणा की वरिष्ठ कांग्रेस विधायक किरण चौधरी और उनकी बेटी श्रुति चौधरी कांग्रेस छोड़ आज BJPमें शामिल हो गईं। इन्होंने दिल्ली भाजपा मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। दोनों ने हरियाणा कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। श्रुति चौधरी ने कहा है कि हरियाणा कांग्रेस अब पूरी तरह से स्वार्थी हो गई है। इसलिए पार्टी में नहीं रह सकते।
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री बंसीलाल की पुत्रवधू और कांग्रेस की विधायक किरण चौधरी और उनकी बेटी श्रुति चौधरी आज भाजपा में शामिल हो गई।
किरण चौधरी ने BJP मुख्यालय दिल्ली में पार्टी की सदस्यता लीं। इस दौरान हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी, पूर्व सीएम और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल समेत भाजपा के बड़े नेता मौजूद थे। भाजपा सदस्यता दिलाने के बाद हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि मैं किरण चौधरी का पार्टी में स्वागत करता हूं। उन्होंने कहा कि इनका शरीर कांग्रेस में रहा लेकिन मन बीजेपी में रहा। किरण चौधरी और श्रुति को पार्टी में पूरा सम्मान मिलेगा।
-
कांग्रेस पर लगाए थे ये आरोप
किरण चौधरी ने त्यागपत्र सौंपते हुए कांग्रेस पर आरोप लगाए थे। उन्होंने अपने त्यागपत्र में लिखा कि मैं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रही हूं।
उन्होंने लिखा कि मैं पिछले चार दशकों से कांग्रेस पार्टी की एक वफादार और दृढ़ सदस्य रही हूं। साथ ही इन सालों में मैंने अपना जीवन पार्टी और उन लोगों के लिए समर्पित कर दिया है जिनका मैं प्रतिनिधित्व करती हूं।
-
हरियाणा कांग्रेस को लगा बड़ा झटका
किरण चौधरी के बीजेपी में जाने से हरियाणा में कांग्रेस को जोरदार झटका लगा है। किरण चौधरी और उनकी बेटी एवं पूर्व सांसद श्रुति चौधरी ने मंगलवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। दोनों नेताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए इस्तीफे देने की जानकारी दी। इसके साथ ही किरण चौधरी और श्रुति चौधरी ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को भी अपना त्यागपत्र भेज दिया था। इस्तीफे के साथ ही ये तय माना जा रहा था कि दोनों ही बुधवार को भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम सकती हैं। किरण चौधरी वर्तमान में हरियाणा की तोशाम सीट से विधायक हैं। श्रुति चौधरी हरियाणा कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष थीं।
-
किरण चौधरी की राह क्यों कांग्रेस से अलग हुई
रिपोर्ट्स के मुताबिक- किरण चौधरी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को भेजे अपने इस्तीफे में आरोप लगाया कि हरियाणा कांग्रेस महज एक आदमी की पार्टी बनकर रह गई है। उन्होंने बिना नाम लिए हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधा। पार्टी को व्यक्तिगत जागीर के रूप में चलाया जा रहा है। मेरे जैसे ईमानदारों की पार्टी में कोई जगह नहीं है। आवाज दबाकर मुझे अपमानित किया गया। मेरे खिलाफ साजिश रची गई।
हालांकि मेरा उद्देश्य हमेशा राज्य और देश के लोगों की सेवा करना ही रहा है। उन्होंने त्यागपत्र में लिखा कि मैं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रही हूं। मैं पिछले 4 दशकों से कांग्रेस पार्टी के साथ एक वफादार सदस्य के तौर पर जुड़ी रही हूं। इन 40 सालों में मैंने पार्टी और लोगों के लिए अपना जीवन समर्पित किया। मैं आधुनिक हरियाणा के निर्माता बंसीलाल और मेरे स्वर्गीय पति चौधरी सुरेंद्र सिंह की समृद्ध विरासत का भी प्रतिनिधित्व करती हूं।