IPS सुसाइड मामला: राहुल गांधी के आने पहले लंबी छुट्टी पर भेजे हरियाणा के DGP शत्रुजीत कपूर, सरकार का बड़ा एक्शन!

Haryana News 24- आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार आत्महत्या मामले में बड़ा एक्शन हुआ है। हरियाणा के डीजीपी शत्रुजीत कपूर को लंबी छुट्टी पर भेज दिया गया है। इससे पहले हरियाणा सरकार ने रोहतक के तत्कालीन SP नरेंद्र बिजारणिया को भी उनके पद से हटा दिया था। बता दें कि परिवार दोनों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ा है। 7 दिन बीत जाने के बाद भी उनकी डेडबॉडी की पोस्टमॉर्टम नहीं हो सका है। पूरन कुमार ने 7 अक्टूबर को चंडीगढ़ में खुद को गोली मारकर सुसाइड किया था। उन्होंने 8 पेज के सुसाइड नोट में DGP और SP समेत 15 अधिकारियों पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए गए थे।
राहुल गांधी और चिराग पासवान का दौरा
आज कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अमनीत पी कुमार के सरकारी आवास पर शोक व्यक्त करने पहुंचेंगे। इसके बाद केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भी डेढ़ बजे शोक जताने आएंगे। दोनों नेताओं का ये दौरा इस मामले को और गर्माने की संभावना है। दूसरी ओर, अनुसूचित समाज की 31 सदस्यीय कमेटी ने 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया था, जो आज खत्म हो रहा है। कमेटी ने आरोपियों पर कार्रवाई ना होने पर उग्र प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
महापंचायत और SIT की जांच
पूरन कुमार के परिवार और अनुसूचित समाज की कमेटी ने 12 अक्टूबर को चंडीगढ़ के गुरु रविदास गुरुद्वारे में महापंचायत की थी। इसमें DGP और SP की गिरफ्तारी की मांग उठी। चंडीगढ़ पुलिस ने इस मामले में SIT बनाई है, जिसके प्रमुख IG पुष्पेंद्र कुमार हैं। SIT ने रोहतक पहुंचकर गनमैन सुशील कुमार के केस की जांच शुरू की है। अमनीत ने FIR में कमजोर धाराओं पर आपत्ति जताई है, जिसके बाद SC/ST एक्ट की धारा को और मजबूत किया गया।