अनोखा विवाह: दहेज में मांगे सिर्फ गुलाब के फूल!

Haryana News 24 : आमतौर पर शादियों में दहेज देने और लेने की खबरें आम होती हैं, लेकिन हरियाणा में धीरे-धीरे दहेज प्रथा को खत्म करने के लिए बढ़ रहे कदम बाकी लोगों के लिए भी अच्छा संदेश दे रहे हैं। हिसार में आप नेता रामनाथ धुवारिया ने भी अपने बेटे की शादी बिना दहेज कर अनुकरणीय पहल की है। दरअसल, आम आदमी पार्टी के नेता व कमेरा वर्ग सामाजिक संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रामनाथ धुवारिया ने अपने बेटे की शादी बिना दान-दहेज कर समाज में एक नई व अनुकरणीय मिसाल कायम की है।
रोज फ्लावर के साथ दुल्हन की विदाई: रामनाथ धुवारिया मूलत: गांव हरिकोट व वर्तमान में महेश नगर कैमरी रोड हिसार के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि उनके पुत्र सीए विकास धुवारिया का रिश्ता गांव खेड़ी बर्की से कोहर सिंह गैदर की बेटी सुमित रानी के साथ तय हुआ। धुवारिया ने बताया कि उन्होंने यह कार्य अपने पिता जगतराम धुवारिया की प्रेरणा व आशीर्वाद से किया। गांव खेड़ी बर्की में आयोजित विवाह समारोह में रामनाथ धुवारिया ने मात्र गुलाब के फूल लेकर बारात की विदाई करवाई।
दहेज प्रथा खत्म करने का दिया संदेश:
बता दें कि रामनाथ धुवारिया मूल रूप से गांव हरिकोट के निवासी हैं और वर्तमान में महेश नगर, कैमरी रोड, हिसार में रहते हैं। उन्होंने बताया कि हम चाहते थे कि लड़की वालों पर कोई आर्थिक बोझ न पड़े, इसलिए दोनों परिवारों की सहमति से बिना दहेज शादी संपन्न करवाई। दूल्हा विकास पेशे से सीए हैं, जबकि उनकी पत्नी सुमित रानी ने इंग्लिश, लाइब्रेरी साइंस में बीए और एमए (पॉलिटिकल साइंस) के साथ एनईटी सामाजिक शास्त्र की पढ़ाई की है। रामनाथ धुवारिया ने समाज से अपील की कि सभी को अपने बच्चों की शादी बिना दहेज करनी चाहिए, क्योंकि दहेज प्रथा एक सामाजिक कुरीति है और इसे खत्म किया जाना बहुत जरूरी है।
समाज को दिया संदेश: रामनाथ धुवारिया ने कहा कि समाज में लोग बेटे-बेटियों को शिक्षित करें और उन्हें करियर के लिए प्रोत्साहित करें। दहेज लेने व देने की प्रथा को बढ़ावा न दें। दहेज प्रथा के खिलाफ समाज में जागरूकता आनी चाहिए।