अपनों ने ठुकराया तो यहां मिला सहारा, जानिए अनोखे अनाथ आश्रम की हकीकत?
 
                विनय, हरियाणा न्यूज 24
हमारे देश में आए दिन ऐसे मामले देखने को मिलते हैं कि मां-बाप अपने बच्चों को किसी न किसी वजह से छोड़ देते हैं और कई बार बच्चे ही अपने माता-पिता को जिन्होनें उन्हें पाल-पोश कर बड़ा किया है। उन्हें वो सडक़ों पर छोड़ देते हैं बस इसलिए क्योंकि उनकी दिमागी हालत ठीक नहीं होती या फिर उन्हें कोई रोग हो जाता है। वो उनसे तंग हो जाते हैं व उनकी सेवा करने में वो सक्षम नहीं होते। लेकिन इस दुनिया की भीड़ में ऐसे भी लोग होते हैं जिनका दिल साफ व सच्चा होता है और वो लोग इन बेसहारा लोगों को सहारा देते हैं। आज हम आपको ऐसे ही एक शख्स के बारे में बताने जा रहें हैं।

दरअसल हम बात कर रहे हैं दलबीर चहल की जो हरियाणा राज्य के हांसी के रहने वाले हैं और हांसी में ही इन्होनें शिव शक्ति के नाम से अनाथ लोगों के लिए आश्रम खोला हुआ है, यहां पर वो बेसहारा लोगों को सहारा देने के साथ-साथ उनकी बहुत अच्छे से देखभाल भी करते हैं। दलबीर जी ने बताया कि उन्होंने इस आश्रम की शुरूआत दो साल पहले की थी। इस आश्रम के लिए जमीन वहीं के रहने वाले एक सैनी परिवार ने दी है। ऐसे लोग दुनिया में बहुत कम मिलते हैं जो किसी दुसरे के लिए अपनी जमीन व समय दे सकें।

इस आश्रम में ज्यादातर लोग ऐसे हैं जिनकी दिमागी हालत ठीक नहीं है। दलबीर चहल अपना सब कुछ त्यागकर दिन-रात इन लोगों की सेवा में लगे रहते हैं इनके साथ-साथ जो लोग पड़ोस में रहते हैं वो भी इनकी मदद करवाने के लिए आते रहते हैं। चहल जी ने बताया कि जिनकी दिमागी हालत खराब है या जो लोग अपंग हैं उनको वो अपने हाथ से खाना खिलाते हैं। आश्रम में जितना भी खर्च आता है वो पूरा खर्च दलबीर जी खुद उठाते हैं। चहल जी ने कहा कि अगर हर नागरिक इस काम को अपनी जिम्मेदारी समझने लगे तो हमें इन अनाथ आश्रमों की जरूरत ही नहीं रहेगी। हमारे देश को आगे बढऩे के लिए ऐसे ही लोगों की जरूरत है।
ं

 
                         
                                                          
                                                          
                                                         